गुड़गांव
कोरोना वायरस लॉकडाउन से दिक्कत सिर्फ इंसानों को नहीं हो रही। जानवर भी परेशान हैं। लॉकडाउन के चलते खाना न मिल पाने की वजह से 2 गायों ने दम तोड़ दिया। इसकी सूचना स्थानीय लोगों को मिली तो उन्होंने वहां मौजूद अन्य गायों को खाना खिलाया। वहीं 3 गायों को उपचार के लिए हॉस्पिटल में भी पहुंचाया। यह मामला गुड़गांव के मानेसर का है।
आईएमटी मानेसर के पास कई गायों को इन दिनों खाना नहीं मिल पा रहा है। कई दिनों से भूखी प्यासी इन गायों का समूह काफी कमजोर और बीमार भी हो गया है। इसके बाद कुछ युवाओं के समूह ने इन गायों को खाना खिलाया और इन्हें अस्पताल भी पहुंचाया। शहर के कई युवा पशुओं की मदद के लिए धीरे-धीरे निकल कर आ रहे हैं। इससे पहले कई लोगों ने पहले झुग्गियों में रहने वाले लोगों की मदद की वहीं अब वह लोग पशुओं के खाने और उनके स्वास्थ्य के लिए भी काम कर रहे हैं।
सोमवार को इन गायों के बारे में उन्हें किसी स्थानीय व्यक्ति ने सूचना दी कि करीब 40 गाय सड़कों पर भूखे प्यासे घूम रही हैं। वह काफी खराब स्थिति में भी लग रही हैं। इसके बाद सब ने मिलकर इन पशुओं के लिए चारा खरीदा, इनके लिए पानी पीने की भी व्यवस्था की। वहीं, जो 2 गाय इस दौरान भूख से मरीं उन्हें भी सभी ने मिलकर दफनाया। साथ ही बीमार गाय को हॉस्पिटल भी पहुंचाया। इससे पहले भी तो यह सब लोग सड़कों में घूमने वाले डॉग को भी कई दिनों से खाना खिला रहे हैं। रोजाना दोपहर 12 बजे निकलकर या समूह पशुओं की देखभाल के लिए और उनके खाने प्रबंध के लिए काम कर रहा है।